केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज से शुरू होने वाली कनाडा और अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय साझेदारियों को मजबूत करना, निवेश संबंधों को गहरा करना और साझा वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाना होगा।
टोरंटो में अपनी यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारामन कनाडा के वित्त और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन के साथ आर्थिक और वित्तीय संवाद में भाग लेंगी। यह संवाद दोनों पक्षों को व्यापक आर्थिक विकास, वित्तीय क्षेत्र में सहयोग, द्विपक्षीय निवेश के अवसरों और साझा अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
श्रीमती सीतारामन प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेश गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगी। इस वार्ता का उद्देश्य व्यापार-से-व्यापार संबंधों को मजबूत करना, निवेश के अवसरों की पहचान करना और भारत और कनाडा के बीच दीर्घकालिक वाणिज्यिक साझेदारियों को बढ़ावा देना है। इसमें गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी-अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र में अवसर भी शामिल हैं।
एक अन्य व्यापार गोलमेज सम्मेलन में वित्त मंत्री वरिष्ठ व्यापारिक नेताओं के साथ कनाडा-भारत सहयोग, दीर्घकालिक निवेश और वित्तीय क्षेत्र के विकास के अवसरों पर चर्चा करेंगी। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी चर्चा में भाग लेंगे।
टोरंटो के कनाडा क्लब कनाडा-इंडिया व्यापार परिषद के सहयोग से दोनों देशों के साझा आर्थिक हितों को आगे बढ़ाने के विषय पर श्रीमती सीतारामन और श्री शैम्पेन के बीच एक अनौपचारिक वार्ता का आयोजन करेगा। इस चर्चा में कनाडा-भारत के द्विपक्षीय संबंधों के नवीनीकरण, निवेश के माहौल, घरेलू आर्थिक प्राथमिकताओं और भारत-कनाडा के आर्थिक और वित्तीय संबंधों के विकास तथा भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
श्रीमती सीतारामन कनाडा स्थित कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी करेंगी। वे टोरंटो में रहने वाले भारतीय प्रवासियों के साथ भी संवाद करेंगी।
अमरीका की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, श्रीमती सीतारामन शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क की यात्रा करेंगी। शिकागो में वित्त मंत्री प्रमुख निवेशकों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और निजी क्षेत्र के प्रमुख सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगी। शिकागो में चुनिंदा कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय व्यक्तिगत बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इन चर्चाओं का मुख्य केंद्र भारत के निवेश के अवसर, आर्थिक दृष्टिकोण और भारत तथा अमरीका के बीच व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने के क्षेत्र होंगे।
श्रीमती सीतारामन शिकागो विश्वविद्यालय के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी। वहां वे उद्यमिता, नवाचार, प्रौद्योगिकी के व्यावसायीकरण और भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के साथ संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श करेंगी। वित्त मंत्री अपने दौरे के दौरान शिकागो में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी। एशविले में श्रीमती सीतारामन जी20 की अमरीका की अध्यक्षता में आयोजित जी20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी।
31 अगस्त और पहली सितंबर को होने वाली इस बैठक में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्री, केंद्रीय बैंक गवर्नर और वरिष्ठ आर्थिक अधिकारी प्रमुख वैश्विक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होंगे। यह बैठक 29 और 30 अगस्त को होने वाली जी20 वित्त और केंद्रीय बैंक प्रतिनिधियों की बैठक के बाद हो रही है। यह बैठक भारत को समकालीन वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर अपने दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने और जी20 भागीदारों के साथ सहयोग को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करेगी।
न्यूयॉर्क में श्रीमती सीतारामन न्यूयॉर्क स्थित प्रमुख कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी। वे वित्तीय क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और सीईओ के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी करेंगी। इनमें निवेश के अवसरों, भारत के आर्थिक और वित्तीय परिदृश्य और भारत तथा अमरीका के बीच वित्तीय और संस्थागत संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान अग्रणी वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार और दुनिया के प्रमुख प्रौद्योगिकी-आधारित वित्तीय बाज़ार प्लेटफार्मों में से एक नैस्डैक, श्रीमती सीतारामन के बेल-रिंगिंग समारोह में मेजबानी करेगा। यह यात्रा अगले महीने 2 सितम्बर को समाप्त होगी।