मध्य प्रदेश के रायसेन में आयोजित उन्नत कृषि महोत्सव के दूसरे दिन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को सहयोग देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण उपायों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फलों और सब्जियों की कटाई के बाद होने वाला नुकसान एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। सरकार इस समस्या के समाधान के लिए पैकिंग हाउस और कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी। श्री चौहान ने दलहन मिशन के अंतर्गत मध्य प्रदेश में 55 दाल मिलें स्थापित करने की घोषणा की। इन पर प्रति यूनिट 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने छोटे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण किराए पर उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर और मशीन बैंक स्थापित करने की योजनाओं पर भी बल दिया। श्री चौहान ने एक नए मोबाइल एप्लिकेशन के शुभारंभ की भी घोषणा की। यह एप्लीकेशन किसानों को मिट्टी की सेहत और उर्वरकों के उचित उपयोग के बारे में वास्तविक समय की जानकारी प्रदान करेगा।