संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के महत्व और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर देंगे। उनका कहना है कि इन संस्थाओं में आज की वैश्विक परिस्थितियों को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित किया जाना चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने न्यूयॉर्क में संवाददाताओं से कहा कि श्री गुतरश 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इसका विषय ‘मजबूती, नवाचार, सहयोग और सतत विकास-समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य का निर्माण’ है।
सुरक्षा परिषद में सुधार भारत और कई अन्य देशों की लंबे समय से मांग रही है। इन देशों का कहना है कि 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की वर्तमान संरचना 21वीं सदी की भू-राजनीतिक और आर्थिक वास्तविकताओं को पर्याप्त रूप से प्रतिबिंबित नहीं करती। भारत संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था में व्यापक सुधार के अंतर्गत सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता की मांग करता रहा है।
प्रवक्ता दुजारिक ने बताया कि श्री गुतरश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और शिखर सम्मेलन में शामिल अन्य नेताओं और अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।