संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरश और कई देशों ने सऊदी अरब के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में 12 लोग मारे गए हैं और 309 लोग घायल हैं। मृतकों में सऊदी के चार नागरिकों के अलावा बांग्लादेश, अमरीका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फलिस्तीन और सूडान के नागरिक भी शामिल हैं।
श्री गुतेरश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं और इन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए। फलस्तीन, मिस्र और कतर ने सऊदी अरब के साथ एकजुटता व्यक्त की है। मिस्र ने हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन बताया, जबकि कतर ने इसे सऊदी संप्रभुता का हनन और क्षेत्रीय सुरक्षा और नागरिक उड्डयन के लिए खतरा बताया।
हमले के बाद कई उड़ानें रद्द या स्थगित कर दी गईं। अमरीका, ब्रिटेन और अन्य देशों ने अपने नागरिकों को हवाई अड्डे से बचने या सावधानी बरतने की सलाह दी है। अकासा एयर ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों को 13 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। कुवैत एयरवेज ने भी रियाद की उड़ानें रद्द कर दी हैं।