संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरेश ने सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों को परिषद में सुधार किए जाने का आग्रह किया है। महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि गुतरेश ने सदस्य देशों से रुकी हुई सुधार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
फरहान हक से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की उस टिप्पणी के बारे में सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था में सुधार जरूरी है, ताकि वह प्रासंगिक बनी रहे। उन्होंने कहा था कि वर्ष 1945 में संयुक्त राष्ट्र की स्थापना के बाद से उसकी सदस्यता लगभग चार गुना हो गई है।
साथ ही उन्होंने कहा कि जैसे संयुक्त राष्ट्र का विस्तार हुआ है, वैसे ही सुरक्षा परिषद का भी विस्तार होना चाहिए और उसे व्यापक सदस्यता का अधिक प्रतिनिधित्व करने वाला बनना चाहिए।