अक्टूबर 23, 2026 9:03 पूर्वाह्न

printer

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरश ने यमन में बढ़ते संघर्षों के बीच संयम बरतने का आह्वान किया

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरश ने यमन में बढ़ते संघर्षों के बीच संयम बरतने का आह्वान किया है। उन्होंने सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा से नागरिकों की पीड़ा और क्षेत्रीय तनाव बढ़ रहा है।

इस बीच, यमन के विदेश मंत्रालय ने हूती विद्रोहियों को आतंकवादी संगठन घोषित करने के यूरोपीय संसद के प्रस्ताव का स्वागत किया है। मंत्रालय ने इस प्रस्‍ताव को नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कल पारित अपने प्रस्ताव में, यूरोपीय संसद ने हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन बताया। यूरोपीय संसद ने यमन में नागरिकों पर हमले, विस्थापन और बिगड़ते मानवीय संकट पर भी चिंता व्यक्त की। हाल के वर्षों में इस्राएल और संयुक्त अरब अमीरात पर हूती मिसाइल और ड्रोन हमलों की भी निंदा की गई।