संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- (एआई) से उत्पन्न खतरों से निपटने के लिए वैश्विक प्रतिस्पर्धियों से सहयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि दुनिया एआई सुरक्षा के मामले में मानकों को कमतर करने का जोखिम नहीं उठा सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि एआई से जुड़े खतरों से नागरिकों की रक्षा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई के साथ-साथ वैश्विक समन्वय भी जरूरी है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव का यह बयान, एंथ्रोपिक के मुख्य अधिकारी डारियो अमोडेई के उस प्रस्ताव के संदर्भ में आया है। जिसमें प्रमुख तकनीकी कंपनियों और सरकारों के समन्वय से एआई विकास की गति धीमी करने की बात कही गई है।
ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, स्पेसएक्स के एलन मस्क और कुछ अन्य उद्योग जगत के नेताओं ने भी हाल में एआई विकास को धीमा करने की आवश्यकता जताई है। हालांकि, मेटा के मुख्य अधिकारी मार्क जकरबर्ग ने इस रुख से दूरी बनाते हुए कहा कि हर एआई कंपनी को अपनी तकनीक की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।