यमन और उसके आसपास बढ़ते संघर्ष पर संयुक्त राष्ट्र ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप-प्रवक्ता फरहान हक ने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। सभी पक्षों को संघर्ष के दौरान आम लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए। श्री हक ने कहा कि इस संघर्ष का कोई सैन्य समाधान नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से राजनीतिक बातचीत फिर से शुरू करने का रास्ता तलाशने की अपील की। वहीं, संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि यमन में बढ़ती हिंसा का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। राहत और मदद पहुंचाने पर कड़ी पाबंदियों से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पिछले 24 घंटों में यमन में सऊदी अरब के हवाई हमलों में कम से कम 41 लोग मारे गए। हूती-नियंत्रित राजधानी सना में हूती-संचालित मीडिया ने बताया कि हमलों में 28 लोग घायल हुए हैं। हूती सेना के प्रवक्ता ने बताया कि समूह ने सऊदी अरब के जाज़ान क्षेत्र में अल-शुकैक बिजली संयंत्र और जाज़ान बंदरगाह को निशाना बनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यमन के बंदरगाहों या बिजली संयंत्रों पर सऊदी अरब ने हमला किया तो अरब के संयंत्रों को भी निशाना बनाया जाएगा।
इस बीच, यमन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसके हवाई रक्षा तंत्र ने जाज़ान को निशाना बनाकर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया। सऊदी गठबंधन ने कहा कि उसने होदैदा बंदरगाह पर स्थित उन सुविधाओं को निशाना बनाया है, जिनका हूती समूह कथित तौर पर हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करता है।