सितम्बर 20, 2026 9:52 अपराह्न

printer

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, मॉस्को में तेल शोध संयंत्र और रिहायशी इमारत को नुकसान

यूक्रेन ने रूस पर बड़ा ड्रोन हमला करते हुए मॉस्को में एक तेल शोध संयंत्र और रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन ने बीती रात रूस पर 1,000 से अधिक ड्रोन दागे हैं, जिनमें से सैकड़ों का रुख सीधे राजधानी मॉस्को की तरफ था। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने इसे राजधानी पर अब-तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया है।

मेयर सोबयानिन के अनुसार पूरे मॉस्को क्षेत्र में हुए इन हमलों में दो लोगों की मौत हुई और 20 अन्य घायल हुए हैं। दूसरी तरफ, रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उनकी सेनाओं ने देश भर में 1,100 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन ने रूस के तेल और लॉजिस्टिक्स ठिकानों को निशाना बनाने के लिए कई तरह की मिसाइलों और ड्रोनों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में यूक्रेन में ही बनी ‘फ्लेमिंगो’ और ‘पेलिकन’ मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया गया है।

रूस में यह ताजा हमला ऐसे समय में हुआ है जब वहां तीन दिवसीय संसदीय चुनावों का आखिरी चरण जारी था। इस दौरान क्रीमिया में भी मतदान हुआ, जो कि एक ब्लैक सी प्रायद्वीप है और साल 2014 में यूक्रेन के साथ संघर्ष के बाद से रूस के नियंत्रण में है। इस बीच, यूरोप के वरिष्ठ अधिकारियों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्‍हें अंदेशा है कि रूस जिस तरह पूरे यूरोपीय महाद्वीप में अपने ‘हाइब्रिड अभियान’ को तेज कर रहा है, उसे देखते हुए वह आने वाले समय में नाटो सदस्य देशों पर भी ड्रोन या मिसाइल हमले कर सकता है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला