यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मार्शल लॉ और सामान्य लामबंदी की अवधि 90 दिन और बढ़ाने के लिए आज संसद में विधेयक पेश किया। इन उपायों की अवधि 31 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। संसद की मंजूरी मिलने पर इन्हें 29 जनवरी 2027 तक बढ़ा दिया जाएगा। रूस के साथ जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन में फरवरी 2022 से मार्शल लॉ और सामान्य लामबंदी लागू है। दोनों उपायों की अवधि कई बार बढ़ाई जा चुकी है।
इससे पहले, श्री जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन संघर्ष को जल्द समाप्त करने के लिए वर्तमान मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई रोकने को तैयार है, लेकिन वह अपने क्षेत्र का कोई हिस्सा छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। इस बीच, रूस, यूक्रेन और अमरीका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता नवंबर के पहले पखवाड़े में संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में होने वाली है। रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि वार्ता में शांति समझौते के बाद रूस और यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।