अक्टूबर 15, 2026 10:39 पूर्वाह्न

printer

होर्मुज जलडमरूमध्य में सिंगापुर के दो मालवाहक जहाजों पर मिसाइल हमले की खबर

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय सिंगापुर के दो मालवाहक जहाजों, जी.एफ.एस. प्राइड और जी.एफ.एस. गिसेले पर अज्ञात मिसाइलों से हमला किए जाने की खबर है। सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण ने बताया कि इस हमले से जी.एफ.एस. प्राइड आग लगने के बाद डूब गया। जहाज में सवार सभी 21 चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

इस हमले में जी.एफ.एस. गिसेले के ढ़ांचे को भी नुकसान पहुंचा। इसके 22 चालक दल के सदस्य भी सुरक्षित हैं। दोनों जहाजों में से किसी पर भी कोई सिंगापुरवासी सवार नहीं था। प्राधिकरण ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर किए जा रहे हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

इस्लामिक क्रांति रक्षक कोर (आईआरजीसी) के नौसेना कमांडर अली अजमाई ने घोषणा की है, कि आई.आर.जी.सी. नौसेना और ईरान की नौसेना खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी पर चौबीसों घंटे नियंत्रण बनाए रखती हैं।

आई.आर.जी.सी. नौसेना कमांडर ने कहा कि गुजरने वाले जहाजों को अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत अनुमति प्राप्त करनी होगी। उन्होंने अमरीका के उकसावे के कारण नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी जहाज के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी दी है।