भारतीय तटरक्षक बल और गृह मंत्रालय का सीमा प्रबंधन विभाग मिलकर कोलकाता में आज से दो दिन की राष्ट्रीय तटीय सुरक्षा संगोष्ठी सागर सुरक्षा 2026 आयोजित कर रहे हैं।
तटीय सुरक्षा के लिए समग्र दृष्टिकोण : हितधारकों की भागीदारी और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना विषय पर आधारित इस संगोष्ठी का उद्देश्य देश की एकीकृत और मजबूत तटीय सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
पश्चिम बंगाल सरकार के गृह और पर्वतीय मामलों के राज्य मंत्री बिशाल लामा संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे।
इसमें तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय मंत्रालयों, सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और संबंधित समुद्री एजेंसियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। संगोष्ठी के दौरान समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़ी परिचालन चुनौतियों, महत्वपूर्ण कमजोरियों और उभरते खतरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सागर सुरक्षा 2026 भारत के तटीय और समुद्री हितों के सामने उभरते खतरों से निपटने के लिए बेहतर समन्वय और संयुक्त रणनीति विकसित करने का मंच बनेगी। इसमें नीतिगत सुझाव तैयार करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने और देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए एक साझा राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करने पर भी चर्चा होगी।