श्रम और रोजगार मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ में सोमवार को श्रम संहिता, श्रम कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर दो दिन के राज्य स्तरीय क्षमता विकास और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इसका आयोजन श्रम सुधारों पर जिला स्तरीय क्षमता विकास और जागरूकता पर केंद्रित राष्ट्रव्यापी श्रम संवाद पहल के अंतर्गत किया जा रहा है।
श्रम संवाद अभियान 90 दिनों की व्यापक पहल है जिसके माध्यम से मंत्रालय सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 316 जिलों में भागीदारी कर रहा है। कार्यक्रम में औद्योगिक समूहों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 28 सितंबर को राष्ट्रव्यापी स्तर पर आरंभ इस पहल का उद्देश्य नियोक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों को नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों, प्रासंगिकता और अनुपालन आवश्यकताओं के बारे में अधिक स्पष्टता प्रदान करना है ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन को सुगम बनाया जा सके।