सितम्बर 8, 2026 9:02 अपराह्न

printer

ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस समेत 12 देशों ने वेस्ट बैंक में अवैध इस्राएली बस्तियों के साथ व्यापार पर प्रतिबंध की घोषणा की

ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस समेत 12 देशों ने आज घोषणा की कि वे वेस्ट बैंक में अवैध इस्राएली बस्तियों के साथ व्यापार पर प्रतिबंध लगाएंगे। यह कदम कब्जे वाले क्षेत्र में फिलिस्तीनी गांवों पर इस्राएली बस्तियों द्वारा कथित हमलों में वृद्धि के बाद उठाया गया है। डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड, आयरलैंड, नॉर्वे, पोलैंड, पुर्तगाल, स्पेन और स्वीडन के विदेश मंत्रियों ने भी बस्तियों के साथ व्यापार सीमित करने की योजना बनाई है।
 
मंत्रियों ने कहा कि ये बारह देश उन बस्तियों से आने वाले सामानों पर राष्ट्रीय और यूरोपीय व्यापार प्रतिबंध लगाने की योजना बना रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देश अपने राष्ट्रीय कानूनों और प्रक्रियाओं के अनुरूप अन्य उपायों पर भी विचार कर रहे हैं।
 
ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने आज संसद में बोलते हुए इस्राएल की सरकार पर वेस्ट बैंक में बस्तियों द्वारा किए जा रहे जातीय सफाए को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन सरकार अन्य देशों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए, कब्जे वाले क्षेत्रों में अवैध बस्तियों से आने वाले सामानों के आयात पर प्रतिबंध लगाएगी।