नवम्बर 27, 2026 7:44 पूर्वाह्न

printer

त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम सहित 15 अन्य नगर निकायों के लिए आज मतदान होगा

त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम सहित राज्य के 15 अन्य नगर निकायों और शहरी स्थानीय निकायों के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। राज्यभर में 268 सीटों के लिए 704 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान कर्मी ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं।
पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी डॉ. विशाल कुमार ने बताया कि अगरतला में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिए त्रिपुरा पुलिस, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

खोवाई जिले में 26 वार्डों में मतदान संपन्न कराने के लिए 298 मतदान कर्मियों और 307 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिले में सात आदर्श मतदान केंद्र पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।

वहीं, सिपाहीजाला जिले में सोनामुरा, मेलाघर, बिशालगढ़ और बिश्रामगंज में कुल 45,616 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

इस बीच, उनाकोटी जिले में कैलाशहर और कुमारघाट नगर परिषदों के चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों नगर परिषदों में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।