राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से केरलम, मिजोरम और नागालैंड के छह दिन के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे केरलम में आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली थालयट्टुम्पिल्ली, कालडी, वडक्कुमभागम का दौरा करेंगी। बाद में वे त्रिशूर में वैद्यरत्नम आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी।
शनिवार को राष्ट्रपति केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी की शरदकालीन सत्र-2026 की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगी।
रविवार को वे मिजोरम के केलसिह स्थित रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का दौरा करेंगी। सोमवार को राष्ट्रपति आइजोल में मिजोरम विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह और रजत जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति पहली दिसंबर को नागालैंड के किसामा में 27वें हॉर्नबिल महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।