त्रिपुरा राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी नगर निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन ने आज बताया कि चुनाव के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की 14 कंपनियां पहले ही तैनात की जा चुकी हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार ने केंद्र से केंद्रीय सुरक्षा बलों की 25 अतिरिक्त कंपनियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
श्री सेन ने बताया कि मतदान कर्मियों और चुनाव ड्यूटी में तैनात अन्य कर्मचारियों के लिए चुनाव ड्यूटी वोट यानी ईडीवी के निर्धारित फॉर्म संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। ईडीवी के माध्यम से 21 और 22 नवंबर को मतदान होगा। अगरतला नगर निगम सहित 16 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। पांच शहरी निकायों में मतदान नहीं होगा, क्योंकि वहां भारतीय जनता पार्टी के 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
शेष 16 शहरी निकायों में कुल 810 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान 27 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 2 दिसंबर को की जाएगी।