जून 27, 2026 7:14 अपराह्न | Tripura Governor

printer

त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति बताया

त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति बताया है। राज्‍यपाल ने समाज को वरिष्‍ठ नागरिकों के ज्ञान और अनुभव से लाभान्वित होने के अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल ने आज अगरतला के कुंजाबन स्थित आश्रय पेंशनर्स होम के दौरे के दौरान यह बात कहीं। उन्होंने आश्रय पेंशनर्स होम के बुजुर्ग निवासियों से बातचीत की और उनकी परेशानियां सुनी। वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बनाकर किए जा रहे साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि धोखेबाज अक्सर विभिन्न तरीकों से बुजुर्गों को डराते-धमकाते और ठगते हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को इस तरह के घोटालों से बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने के महत्व पर बल दिया।

इस दौरान समाज कल्याण और सामाजिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव तपन कुमार दास ने बताया कि आश्रय होम में केवल राज्य सरकार, अगरतला नगर निगम और सरकारी संगठनों के सेवानिवृत्त कर्मचारी ही रहते हैं। सुविधा केंद्र में इस समय 43 निवासी रहते हैं। इनमें से प्रत्येक बुजुर्ग तीन हजार तीन सौ रुपये का मासिक शुल्क अदा करता है। बुजुर्ग निवासियों की देखभाल और कल्याण की देखरेख के लिए समर्पित समिति का गठन किया गया है।