अगस्त 20, 2026 8:35 अपराह्न

printer

सेंट्रल रिज में ‘दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान-2026’ के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

‘दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान-2026 और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत सेंट्रल रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड्स में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में जनभागीदारी, लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उनके दीर्घकालिक संरक्षण एवं जीवित रहने को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पौधारोपण अभियान पोर्टल के माध्यम से नागरिकों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को पौधारोपण के लिए पंजीकरण औऱ सहभागिता की सुविधा दी गई है। साथ ही, अब तक करीब 1 लाख 78 हजार लोगों ने पौधारोपण पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, जिनमें से लगभग 1 लाख 54 हजार लोगों ने अभियान में भाग लिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के विभिन्न इलाकों और मोहल्लों तक अभियान को पहुंचाने के लिए 13 ‘वृक्ष रथ’ तैनात किए गए हैं और इनके माध्यम से 58 हजार से अधिक लोगों को पौधारोपण गतिविधियों से जोड़ा गया है।

वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सेंट्रल रिज में आयोजित यह वृहद पौधारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण को राजधानी में व्यापक जनआंदोलन में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान केवल 70 लाख पौधे लगाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, जियो-टैगिंग और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है, जिससे दिल्ली का भविष्य अधिक हरित और टिकाऊ बन सके।