आज विश्व शौचालय दिवस है। इस दिवस को आधिकारिक मान्यता प्राप्त है। इसका स्वच्छता के गंभीर वैश्विक संकट के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके समाधान के लिए प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2013 से संयुक्त राष्ट्र ने इसकी शुरूआत की ।
यह दिवस सतत विकास लक्ष्य-6 के अंतर्गत वर्ष 2030 तक सभी के लिए जल और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षित और सुलभ शौचालय सुविधाओं के महत्व पर बल देता है।
इस वर्ष विश्व शौचालय दिवस का विषय है- ‘सुरक्षित शौचालय, समान भविष्य’। सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, गरिमा और अवसरों की रक्षा करती हैं। इससे उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में समान रूप से भाग लेने का अवसर मिलता है।
यह दिवस सार्वजनिक और पर्यावरण की सुरक्षा बनाए रखने में उचित शौचालय सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करता है। इन सुविधाओं से हैजा जैसी जानलेवा बीमारियों के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है।