अक्टूबर 23, 2026 11:09 पूर्वाह्न

printer

वेनेजुएला में हजारों लोगों ने राजनीतिक सुधारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया

वेनेजुएला में हजारों लोगों ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने तथा राजनीतिक सुधारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। देश के राजनीतिक भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बीच कल राजधानी कराकस सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए। लगभग दो साल में यह पहली बार है, जब विपक्ष ने देशव्यापी प्रदर्शन आयोजित किया।

कराकस के अलावा वालेंसिया, माराके, सैन क्रिस्टोबल और माराकाइबो समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। ये प्रदर्शन जनवरी में अमरीकी बलों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के कुछ महीने बाद हुए हैं। मादुरो की पूर्व सहयोगी और अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अब अमरीका के समर्थन से देश की सरकार का नेतृत्व कर रही हैं।

रोड्रिगेज और अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प, दोनों ने चुनाव कराने का समर्थन किया है, लेकिन अब तक संसदीय या राष्ट्रपति चुनावों की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने जुलाई 2027 तक चुनाव कराने की मांग की है।