लंदन में कल हजारों लोगों ने पहली बार टेम्स नदी की आरती की। गंगा आरती की तरह की गई आरती में शहर के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह पारंपरिक हिंदू अनुष्ठान प्रकाश, प्रार्थना और कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम का आयोजन चिन्मय मिशन यूके ने टोटली टेम्स महोत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन संस्था की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर दुनिया भर में हो रहे समारोहों का हिस्सा था।
मिशन के वैश्विक प्रमुख स्वामी स्वरूपानंद ने आरती का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए भारत में प्रसिद्ध गंगा आरती की भावना को लंदन तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह मां गंगा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को टेम्स नदी के किनारे जीवंत करने का अवसर है। यह आयोजन ब्रिटेन के हिंदू और दक्षिण एशियाई समुदाय के लिए एक उत्सव था।