जुलाई 23, 2026 8:45 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा-सरकार संसद में नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि सरकार संसद में नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा करने और इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी नीति बनाने को तैयार है। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि विपक्ष को आरोप-प्रत्यारोप करने और बार-बार नई-नई मांगे करने की बजाय पेपर लीक के गंभीर मुद्दे पर संसद में सार्थक चर्चा में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामले राष्ट्रीय चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक सरकार या राजनीतिक दल तक सीमित मुद्दा नहीं है, फिर भी विपक्ष इस मामले का राजनीतिकरण करता रहता है।
 
उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है जिस पर गहन और गंभीर चर्चा होनी चाहिए। श्री नड्डा ने कहा कि संसद इस मामले पर गहन चर्चा के लिए सबसे उपयुक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को समय सीमा तय करनी चाहिए और हर पहलू पर चर्चा होनी चाहिए ताकि एक ठोस नीति तैयार की जा सके। श्री नड्डा ने विपक्ष से अपनी जिम्मेदारी निभाने और इस मुद्दे को सुलझाने और स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करने का भी आग्रह किया।
 
श्री नड्डा ने कांग्रेस और अन्य विपक्ष शासित राज्यों में पेपर लीक की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी पर चुनिंदा घटनाओं का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया और कहा कि दुर्भाग्य से  राहुल गांधी इस मुद्दें से राजनीतिक फायठा उठाना चाहते है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता के दौरान दिए गए विवरण में पेपर लीक की 150 घटनाओं का उल्लेख किया। श्री नड्डा ने कहा सरकार मामले की जांच कराएगी और सच्चाई देश के सामने लाएगी।