अक्टूबर 30, 2026 10:12 अपराह्न

printer

देश में 2011 के बाद अत्‍यधिक गरीबी के आकड़ों में आई कमी: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि देश में अत्‍यधिक गरीबी 2011 से 2023 के बीच 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की गरीबी और समानता रिपोर्ट में देश की इस उपलब्धि को दुनिया में सबसे तेजी से गरीब लोगों की संख्‍या में कमी लाने वाले देशों में से एक बताया गया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि इस दौरान 49 करोड़ से अधिक लोग निम्न-मध्यम आय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में रोजगार भी 2017 से 2023 के बीच 13 करोड़ 40 लाख लोगों तक बढ़ गया। उन्होंने कहा कि रोजगार में हुई इस वृद्धि में ग्रामीण महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है और ग्रामीण और शहरी दोनों परिवारों को कल्याणकारी लाभों का अनुभव हुआ है।

वित्त मंत्री ने कहा कि बिजली की पहुंच 99 प्रतिशत आबादी तक हो गई है। उन्‍होंने कहा कि विश्व बैंक ने मजबूत उपभोग और रोजगार में वृद्धि और खाद्य सब्सिडी सहित विस्तारित सामाजिक हस्तांतरण को इसका प्रमुख प्रेरक कारक बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के निरंतर नीतिगत प्रयासों से ठोस परिणाम मिल रहे हैं। इससे समावेशी विकास और अधिक आर्थिक अवसरों की नींव मजबूत हो रही है।