अमरीका ने 50 देशों के नागरिकों के लिए पर्यटक और कारोबारी वीजा पर 20 हजार डॉलर तक की जमानत राशि तय की है। इस व्यवस्था से भारत को छूट दी गई है, जबकि बांग्लादेश, भूटान और नेपाल सहित दक्षिण एशिया के कई देश इसमें शामिल हैं।
अमरीका के विदेश विभाग ने कल उन देशों की संशोधित सूची जारी की, जिनके नागरिकों को बी-1 और बी-2 वीजा के लिए पात्र होने पर वित्तीय जमानत राशि जमा करनी होगी। इस व्यवस्था के अंतर्गत सूची में शामिल देशों के पासपोर्ट पर यात्रा करने वाले लोगों को 10 हजार, 15 हजार या 20 हजार डॉलर की जमानत राशि जमा करनी होगी। इसकी सटीक राशि वीजा साक्षात्कार के दौरान कांसुलर अधिकारी तय करेंगे।
भारतीय पासपोर्ट धारकों को इस जमानत राशि से छूट दी गई है। विदेश विभाग की सूची के अनुसार, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिकों पर यह व्यवस्था 21 जनवरी से लागू है, जबकि भूटान को पहली जनवरी से इस सूची में शामिल किया गया है। अफ्रीका, कैरेबियाई, मध्य एशिया और प्रशांत क्षेत्र के कई अन्य देश भी इस सूची में शामिल हैं।