सितम्बर 17, 2026 10:58 पूर्वाह्न

printer

अमरीकी फेडरल रिजर्व ने 2023 के बाद पहली बार प्रमुख ब्याज दर बढ़ाई

अमरीका के फेडरल रिजर्व ने महंगाई पर काबू पाने के लिए 2023 के बाद पहली बार अपनी प्रमुख ब्याज दर में बढ़ोतरी की है। दर में एक चौथाई प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद फेडरल रिजर्व की प्रमुख दर लगभग 3.9 प्रतिशत हो गई है। फेडरल रिजर्व के तिमाही रिपोर्ट के अनुसार, इस साल एक और बढ़ोतरी की जा सकती है, जिससे दर 4.1 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इससे समय के साथ मकान, वाहन और क्रेडिट कार्ड के कर्ज पर ब्याज बढ़ सकता है।

यह फैसला ऐसे समय में हुआ है जब अमरीकी लोग किराने का सामान, पेट्रोल और मकान की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। आगामी मध्यावधि चुनाव से सात सप्ताह पहले महंगाई और खर्च वहन करने की क्षमता प्रमुख मुद्दे बन गए हैं।

फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केविन वॉर्श ने कहा कि जुलाई के अंत में ब्याज दर को स्थिर रखने के फैसले के बाद अर्थव्यवस्था में तेजी के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई फेड के दो प्रतिशत के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है और इसमें कमी के बहुत कम संकेत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमरीका और ईरान के बीच फिर शुरू हुई लड़ाई से पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं, जिसने फेड अधिकारियों को दर बढ़ाने के फैसले के समर्थन के लिए प्रभावित किया।

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने के फैसले के बाद दरों में बड़ी कटौती की मांग की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमरीका में ब्याज दर एक प्रतिशत या उससे कम होनी चाहिए और देश को सस्ता कर्ज मिलना चाहिए।

ट्रंप ने अपनी इस मांग को देश के व्यापार संतुलन से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि जिन देशों के साथ अमरीका का व्यापार घाटा है, उनके साथ व्यापार रोककर अमरीका हर साल कम से कम डेढ़ ट्रिलियन डॉलर जमा कर सकता है।