अमरीका, कनाडा और लैटिन अमरीका तथा कैरिबियाई क्षेत्र के आठ देशों ने ईरान और उसके सहयोगी संगठनों पर पश्चिमी गोलार्ध में आतंकवादी गतिविधियों और अन्य नुकसान पहुंचाने वाली कार्रवाइयों में शामिल होने का आरोप लगाया है। इन देशों ने ऐसी गतिविधियों से निपटने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर ज़ोर दिया है।
यह घोषणा पिछले महीने अमरीका और पैराग्वे के बीच हुए एक मंच की बैठक के बाद जारी की गई। इस बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में ईरान से जुड़ी कथित आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ कानून प्रवर्तन सहयोग मजबूत करना था।
सरकारों ने आरोप लगाया हैं कि ईरान और उसके सहयोगी संगठन पूरे क्षेत्र में जानलेवा साजिशों, अवैध धन जुटाने, राजनीतिक हस्तक्षेप और विदेशी प्रभाव अभियानों में शामिल हैं। संयुक्त बयान में कहा गया है कि वे ऐसे खतरों से अपने देश और लोगों की रक्षा करने के लिए साथ एकजुट हैं। इस बयान पर अमरीका, अर्जेंटीना, कनाडा, कोलंबिया, कोस्टा रिका, डोमिनिकन गणराज्य, गुयाना, पैराग्वे, पेरू तथा त्रिनिदाद और टोबैगो की सरकारों ने हस्ताक्षर किए हैं।