संयुक्त राष्ट्र के जलवायु प्रमुख ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उद्योग से ऊर्जा की बढ़ती खपत और कार्बन उत्सर्जन पर अंकुश लगाने, नवीकरणीय ऊर्जा में निवेश करने तथा इस तकनीक का लाभ विकासशील देशों तक पहुंचाने का आग्रह किया है। संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन एजेंसी के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने चेतावनी दी कि डेटा सेंटरों में बिजली की बढ़ती मांग से ऊर्जा उत्पादन प्रणालियों पर दबाव पड़ रहा है। इससे घरों और कारोबारों के लिए बिजली की लागत बढ़ रही है और वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में भी बाधा आ रही है।
श्री स्टील तुर्किये के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन-कॉप-31 के दौरान एआई पर आयोजित उच्चस्तरीय ग्रीन डिजिटल एक्शन राउंडटेबल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य उन्नत तकनीकें दोधारी तलवार की तरह हैं। इनके लाभ पर्यावरण और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले बढ़ते बोझ से अधिक होने चाहिए और इनका फायदा सभी देशों तक पहुंचना चाहिए। श्री स्टील ने बिजली की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल बढ़ाने वाली कंपनियों की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां बिजली ग्रिड की सीमाओं से बचने के लिए अपने परिसरों में गैस से चलने वाले बिजली संयंत्र बना रही हैं।