गोवा फिल्म समारोह के आज तीसरे दिन फिल्म स्क्रीनिंग और मास्टर क्लास से लेकर फिल्म उद्योग की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद तक, दिन भर कई रोचक कार्यक्रम देखने को मिले।
मुंबई में रूस के कार्यवाहक महावाणिज्य दूत अलेक्सांद्र फुर्सोव ने सांस्कृतिक सहयोग मजबूत करने के लिए सिनेमा के क्षेत्र में ब्रिक्स को एक महत्वपूर्ण मंच बताया। गोवा फिल्म समारोह के दौरान आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि रूस फिल्म समारोहों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से भारत और अन्य ब्रिक्स साझेदारों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने ‘फिल्म्स फ्रॉम रशिया’ सेक्शन में उद्घाटन फिल्म के रूप में प्रदर्शित रामायण देखने का अपना अनुभव भी साझा किया।
वहीं बाबा तसद्दुक हुसैन के निर्देशन में बनी और भरत बाला द्वारा निर्मित फिल्म नक्श-ए-दौर का प्रदर्शन किया गया। यह फिल्म लकड़ी के प्रसिद्ध कारीगर और पद्मश्री पुरस्कार विजेता गुलाम नबी डार के जीवन और कार्यों के माध्यम से कश्मीर की समृद्ध कलात्मक विरासत को दर्शाती है।
साथ ही ऑस्ट्रेलियाई अभिनेत्री और निर्माता सारोनी रॉय ने गोवा फिल्म समारोह और वेव्स फिल्म बाजार को अंतर्राष्ट्रीय सहयोग, रचनात्मक साझेदारी और प्रामाणिक कहानी को बढ़ावा देने वाला एक उत्साहवर्धक मंच बताया है। गोवा में आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हों समारोह में रचनात्मक आदान-प्रदान और नई संभावनाओं को तलाशने का अवसर भी मिला।
इसके अलावा प्रसार भारती की पेज से पिच तक पहल के निर्णायक और अनुभवी अभिनेता मनोज जोशी ने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय अनुभवों पर आधारित मौलिक कहानियों को बढ़ावा देने की ज़रूरत है। गोवा फिल्म समारोह के दौरान आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि इससे युवा लेखकों को अपने-अपने क्षेत्रों की कहानियों को पर्दे पर लाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि दर्शक विश्व भर की फिल्मों से परिचित हैं। ऐसी स्थिति में नकल की गई कहानियों पर निर्भर रहने के बजाय प्रामाणिक भारतीय कहानियों को प्रदर्शित करने की आवश्यकता है।
इफ्फी में, आज भारत के वैश्विक फिल्म निर्माण केन्द्र के रूप में उभरने को लेकर चर्चा हुई। चर्चा का संचालन फिल्म समीक्षक और पत्रकार राजीव मसंद ने किया। चर्चा में सूचना और प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव पृथुल कुमार, स्क्रीन ऑस्ट्रेलिया की मुख्य प्रचालन अधिकारी ग्रैनी ब्रुंडसन और अभिनेता अनुपम खेर शामिल हुए। इंडिया सिने हब भारत में फिल्म निर्माण के लिए ज़रूरी मंज़ूरी प्रक्रिया को नया रूप दे रहा है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया सहयोग के बारे में सुश्री ग्रैनी ब्रुंडसन ने कहा कि भारत में फिल्मों की शूटिंग के लिए स्थानों की विविधता, फिल्म निर्माण से जुड़ी प्रतिभाएं और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव भारत को एक आकर्षक देश बनाते हैं। उन्होंने यह दिलचस्प जानकारी दी कि पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलियाई फिल्मों की तुलना में भारतीय फिल्में देखने वालों की संख्या अधिक थी।
अभिनेता-निर्माता अनुपम खेर ने कहा कि भारत के विविध भौगोलिक परिदृश्य, भोजन, वेशभूषा और सांस्कृतिक परिवेश फिल्म निर्माताओं को एक असाधारण अवसर प्रदान करते हैं।
गोवा फिल्म समारोह में, रूस की फिल्म न्यू होम पहली बार प्रदर्शित की गई है। रूस इस महोत्सव का साझेदार देश है। निकिता ग्रुशिन के निर्देशन में बनी यह फिल्म जेल की लंबी सजा काटने के बाद जीवन को फिर से संवारने की कोशिश कर रहे लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों पर केंद्रित है।
निर्देशक ग्रुशिन ने कहा कि भारत-रूस सहयोग सिनेमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यापक सांस्कृतिक जुड़ाव की गाथा है जो दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को उजागर करती हैं।
वहीं, न्याशी भाषा की फिल्म उरुम के निर्देशक और लेखक दुयु तब्यो ने गोवा में चल रहे फिल्म समारोह में इंडियन पैनोरमा सेक्शन में फिल्म के चयन पर खुशी जाहिर की है। तब्यो ने आकाशवाणी से बातचीत में कहा कि यह चयन एक स्वतंत्र फिल्म निर्माता के लिए सपने के सच होने जैसा है।
उधर, फ्रांसीसी-इतालवी फिल्म द गोल्डन एज के संगीतकार सेलेस्टे थौइन ने भी समारोह में फिल्म के शामिल होने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने आकाशवाणी से कहा कि यह एक बड़ा सम्मान है।
स्पेनिश अभिनेत्री और लेखिका कार्ला सोफिया गैसकॉन ने इफ्फी की मास्टरक्लास में कहा कि प्रसिद्धि और पैसा कमाने के पीछे भागने से ज्यादा महत्वपूर्ण अभिनय के दौरान पूरी तरह किरदार में डूबना, सह-कलाकारों के साथ तालमेल बनाना और जुनून के साथ काम करना है।
अपने अभिनय की प्रक्रिया साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह किसी भी किरदार को निभाने से पहले उसकी आवाज और बोलने के अंदाज को समझने से शुरुआत करती हैं। उन्होंने फिल्म निर्माण को एक सामूहिक प्रयास बताया।
‘स्टेजेज अक्रॉस बॉर्डर्स’ शीर्षक से आयोजित इस मास्टरक्लास में अभिनय में वास्तविकता, किरदार की तैयारी और विभिन्न संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने में सिनेमा की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्ला सोफिया गैसकॉन फिल्म निर्देशक जैक्स ऑडियार्ड की फिल्म ‘एमिलिया पेरेज़’ में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। इस फिल्म के लिए उन्हें वर्ष 2025 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकन मिला था।
गैसकॉन ने बताया कि दिल्ली मेहता की फिल्म ‘वॉटर’ की मैड्रिड में स्क्रीनिंग के बाद भारत और भारतीय संगीत के प्रति उनका लगाव और गहरा हुआ।
अभिनेता सलिल आचार्य ने कहा है कि गोवा फिल्म समारोह ने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा को एकजुट किया है। उन्होंने आकाशवाणी को बताया कि भारतीय सिनेमा की बढ़ती वैश्विक पहुंच पर गर्व का विषय है और सिनेमा को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से परे भी सराहा जाना चाहिए।
अभिनेता, कास्टिंग निर्देशक और निर्माता पलाश दत्ता ने आकाशवाणी से बातचीत में, महोत्सव की थीम स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स यानी “सीमाओं के पार जाती कहानियां” की सराहना की और कहा कि सिनेमा लोगों को सांस्कृतिक और भौगोलिक सीमाओं से परे जोड़ता है।
इसके साथ ही गोवा फिल्म समारोह में आज पूर्वोत्तर की दो फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इनमें असम की निर्देशक एमी बोरुआ का वृत्तचित्र ‘रेड कार्पेट’ और अरुणाचल प्रदेश के दया तब्यो द्वारा निर्देशित फिल्म ‘उरुम’ शामिल हैं।
फिल्म निर्माताओं ने इस फिल्म समारोह में अपनी कृतियों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलने पर खुशी व्यक्त की और इसे उभरते फिल्म निर्माताओं के लिए प्रोत्साहन बताया। उन्होंने कहा कि यह पहचान युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करेगी और पूर्वोत्तर में फिल्म उद्योग के विकास को गति प्रदान करेगी।