अक्टूबर 25, 2026 10:19 पूर्वाह्न

printer

तेलंगाना सरकार ने सभी पात्र नेटवर्क अस्पतालों को पीएम राहत योजना से जुड़ने का निर्देश दिया

तेलंगाना सरकार ने सभी पात्र नेटवर्क अस्पतालों को पीएम राहत योजना से जुड़ने का निर्देश दिया है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को डेढ़ लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दी जाती है। मुख्य सचिव संजय जाजू ने जिला कलेक्टरों, पुलिस और परिवहन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर योजना की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आरोग्यश्री योजना से एक हजार से अधिक अस्पताल जुड़े हैं, जबकि पीएम राहत योजना से अब तक केवल 469 अस्पताल जुड़े हैं।

उन्होंने जिला कलेक्टरों को बाकी अस्पतालों को भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को पहले एक घंटे में नजदीकी अस्पताल पहुंचाने पर इस योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। हर साल कम से कम सौ करोड़ रुपये के इलाज में मदद मिलेगी और आरोग्यश्री योजना पर बोझ भी कम होगा। उन्होंने अस्पतालों को योजना के तहत इलाज देने से पहले पुलिस जांच सहित सभी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।