नवम्बर 23, 2026 1:53 अपराह्न

printer

भारत-श्रीलंका एनसीसी साइकिलिंग अभियान मैत्री सेतु यात्रा का श्रीलंकाई चरण जाफना में हुआ पूरा

भारत और श्रीलंका की साझा सभ्यता और बौद्ध विरासत से प्रेरित मैत्री की यह यात्रा जाफना में अपने श्रीलंकाई चरण को पूरा कर चुकी है। भारत-श्रीलंका एनसीसी साइकिलिंग अभियान मैत्री सेतु यात्रा को 15 नवंबर को कोलंबो के गाले फेस से रवाना किया गया था। पिछले एक सप्ताह में, साइकिल चालकों ने कुरुनेगला, दंबुल्ला, अनुराधापुरा, वावुनिया और किलिनोच्ची से होते हुए श्रीलंका के जाफना तक लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय की।
 
श्रीलंकाई चरण लगभग 3 हजार 500 किलोमीटर के अभियान का हिस्सा है। कराईक्काल से साइकिल सवार पूरे भारत के लगभग 3 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां जनवरी 2027 में उनकी यात्रा समाप्त होने की उम्मीद है।
 
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी, अनुशासन और सहनशक्ति के माध्यम से भारत-श्रीलंका मित्रता को मजबूत करना है। यह दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्ध संबंधों से प्रेरित है।