प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सिख परंपरा हमेशा राष्ट्र और हमारी संस्कृति के लिए सर्वस्व बलिदान करने की भावना का प्रतीक रही है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास लोक निवास में आयोजित शबद कीर्तन में शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी के सिद्धांत उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। भारत के इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी सिख गुरुओं ने राष्ट्र की रक्षा और सांस्कृतिक पहचान की लौ जलाए रखी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रकाश पर्व विशेष महत्व रखता है। यह गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने राष्ट्र की पहचान, आस्था, विश्वास और मूल्यों की रक्षा के लिए दिल्ली में अपना बलिदान दिया था। श्री मोदी ने कहा कि 350 वर्ष बाद भी उनके इस सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा भारत की मिट्टी के कण-कण में रची-बसी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं की वीरता और बलिदान की अमर गाथाओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना पूरे देश की जिम्मेदारी है। फिलीपींस की अपनी हाल की यात्रा के बारे में बताते हुए श्री मोदी ने बताया कि मनीला में उन्होंने वहां के सबसे पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया था। उन्होंने बताया कि भारत सरकार खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास में भी सहयोग दे रही है।
समाज में नशे की समस्या के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत के कारण पूरे परिवार के सपने टूट जाते हैं। श्री मोदी ने देश के प्रत्येक युवा नशे से दूर रहने, सपने पूरे करने, शिक्षा हासिल करने और अपने परिवार तथा राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा दिखाने और उन्हें सही रास्ता चुनने के लिए प्रेरित करने में परिवारों, गुरुद्वारों और सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।