सितम्बर 22, 2026 7:33 अपराह्न

printer

26 सितंबर से आयोजित किया जाएगा हवाई अभ्यास तरंग शक्ति का दूसरा संस्करण

भारतीय वायु सेना के बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास तरंग शक्ति का दूसरा संस्करण इस महीने की 26 तारीख से अगले महीने की 12 तारीख तक जोधपुर वायुसेना स्टेशन और आसपास के हवाई अड्डों पर आयोजित किया जाएगा। अभ्यास का उद्देश्य प्रतिभागी देशों को वास्तविक समकालीन युद्धक्षेत्र में बहुराष्ट्रीय संयुक्त हवाई अभियानों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने का अनुभव देना तथा सामरिक रूप से व्यवहार्य समाधान तलाशना है।
 
ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अमरीका सहित आठ मित्र देश अपने हवाई संसाधनों के साथ अभ्यास में भाग लेंगे। वहीं, 32 देश पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होंगे।
 
अभ्यास के संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए, वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि तरंग शक्ति 2026 एक-दूसरे से सीखने, एक-दूसरे के साथ संचालन करने और भविष्य की हवाई युद्ध चुनौतियों के लिए तैयारी करने के बारे में है। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास हवाई अभियानों के व्यापक दायरे को कवर करता है, जिसमें काउंटर-एयर, हवाई रक्षा और बल युद्ध से लेकर टोही, एयरलिफ्ट, हवा से हवा में ईंधन भरना और अन्य अत्यंत जटिल मिशन शामिल हैं।
 
उन्होंने कहा कि इससे हमारे साझेदारों को भारतीय हवाई क्षेत्र की बढ़ती क्षमताओं और इसके स्वतंत्र इतिहास को देखने का अवसर भी मिलता है।