दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 4,400 एमटीएस (डीबीसी) पात्र कर्मचारियों के वेतन में लगभग 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होगी। इसकी घोषणा आज दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की। महापौर ने कहा कि कर्मचारियों को लंबे समय से समान वेतन का लाभ दिलाने पर काम किया जा रहा था और इस दिशा में अनेक प्रशासनिक, वित्तीय, विधिक तथा अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इसपर अंतिम मुहर लगाई गई है।
श्री वाही ने बताया कि नियमानुसार बढ़े हुए वेतन का भुगतान आगामी माह में किया जाएगा। साथ ही, समान वेतन का लाभ प्राप्त करने वाले इन कर्मचारियों को एमटीएस पद से संबंधित कार्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित और समान वेतन उपलब्ध कराना है।