उत्तर मैसिडोनिया की राष्ट्रपति गोरदाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा ने कहा है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की राष्ट्रपति का महिला होना गर्व की बात है। स्कोप्जे में आकाशवाणी संवाददाता शुभश्री महापात्रा से बातचीत में सुश्री दावकोवा ने कहा कि पहले वे भारत के लंबे इतिहास और आध्यात्मिक विरासत से प्रभावित थीं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के बाद भारत के प्रति उनका सम्मान और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने के बाद उन्हें दृढ़ विश्वास हो गया कि केवल महिलाएं ही दुनिया को बदल सकती हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर उत्तर मैसिडोनिया में हैं। इस यात्रा के दौरान वे वहां की प्रसिद्ध ओहरिड झील का भी दौरा करेंगी, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है।