जुलाई 23, 2026 6:07 पूर्वाह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फिलीपींस के मनीला में कल क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की।

सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं की बातचीत में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा तय किए गए लक्ष्यों को प्राप्त करने की तरीकों पर चर्चा हुई।

डॉ. जयशंकर ने न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और भारत-न्यूजीलैंड के बीच समुद्री सहयोग बढ़ाने पर विचार साझा किए।

विदेश मंत्री ने मनीला में आसियान महासचिव डॉ. काओ किम होर्न से भी बातचीत की। उन्होंने भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में आसियान सचिवालय के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

दोनों नेताओं ने वर्ष 2026 से 2030 के लिए भारत-आसियान कार्य योजना के प्रमुख बिंदुओं पर भी चर्चा की, जिनमें राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करना शामिल है।