अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अगले कुछ सप्ताह में रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत फिर शुरू करने के लिए एक रूपरेखा तैयार करने का अवसर है।
कोलंबिया के बैरनक्विला में पत्रकारों से बातचीत में श्री रूबियो ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत के बाद, सप्ताहांत में कीव और मॉस्को में महत्वपूर्ण बातचीत हुई है।
श्री रूबियो ने कहा कि वे इस बारे में न तो जरूरत से ज्यादा आशावादी हैं और न ही निराशावादी, लेकिन उनका मानना है कि बातचीत फिर शुरू करने और दोनों पक्षों को स्वीकार्य समझौते तक पहुंचने का अवसर मौजूद है। उन्होंने कहा कि कई महीनों से सीमित प्रगति के बाद राजनयिक संपर्क फिर शुरू होना एक सकारात्मक कदम है। श्री रूबियो ने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते के लिए रूस और यूक्रेन, दोनों की सहमति जरूरी होगी।