राष्ट्रीय महिला आयोग-एन.सी.डब्ल्यू ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में हरियाणा की 24 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने एक बयान में कहा कि इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो सेवारत कर्मियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दो कर्मियों की कथित संलिप्तता बेहद गंभीर है। आयोग ने कहा कि मामले में कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले की समयबद्ध और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। आयोग ने सात दिन के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और सुरक्षा संबंधी सहायता तथा नियमों के अनुसार मुआवजा उपलब्ध कराने को भी कहा है।