राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने झारखंड के लोहरदगा जिले के एक आवासीय विद्यालय में चार छात्राओं को सांप काटने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह घायल छात्राओं के उपचार के विवरण की जानकारी दे। इसमें रांची के रिम्स में उपचार करा रही छात्रा की स्थिति भी शामिल है।
यह घटना 7 जुलाई की रात हुई थी, जब एक सांप छात्रावास में घुस गया और भूतल पर सो रही चार छात्राओं को काट लिया। इनमें से एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य तीन छात्राएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में आई खबरें सही हैं, तो यह घटना छात्राओं के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है।