स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा है कि कल जारी हुई राष्ट्रीय स्वास्थ्य लेखा 2023-24 रिपोर्ट पिछले एक दशक में भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तन को दर्शाती है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार का खर्च 2013-14 में एक लाख 30 हजार करोड़ रुपये से तीन गुना बढ़कर 2023-24 में चार लाख 14 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
श्री नड्डा ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च में भारी गिरावट आई है। यह 64 प्रतिशत से घटकर 42 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य पर प्रति व्यक्ति सरकारी खर्च एक हजार रुपये से तीन गुना बढ़कर लगभग तीन हजार रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि 2023-24 में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल निवेश भी तीन गुना होकर एक लाख 53 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
श्री नड्डा ने कहा कि ये केवल संख्या नहीं है बल्कि यह पिछले एक दशक में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल को अधिक किफायती, सुलभ और समावेशी बनाने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसी पहल देश में स्वास्थ्य देखभाल सेवा की सुलभता को मजबूत कर रही हैं।