राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम- एन.सी.आर.टी.सी. बर्लिन में 22 से 25 सितंबर तक आयोजित इनो ट्रांस 2026 प्रदर्शनी में भारत की पहली क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट प्रणाली, ‘नमो भारत’ का प्रदर्शन कर रहा है।
इस आयोजन में दिल्ली के सराय काले खान को मेरठ के मोदीपुरम से जोड़ने वाले 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को प्रस्तुत किया जा रहा है। यह पूरा कॉरिडोर इस वर्ष फरवरी में चालू हो गया था। इस प्रणाली का उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाना, भीड़भाड़ और प्रदूषण को कम करना और रोजगार तथा आर्थिक केंद्रों तक व्यापक पहुंच प्रदान करना है।
एन.सी.आर.टी.सी के अध्यक्ष डी थारा ने कहा कि क्षेत्रीय रेल किफायती और कुशल संपर्क प्रदान करके प्रमुख शहरों से परे जनसंख्या के वितरण में सहायक हो सकती है। एन.सी.आर.टी.सी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि नमो भारत नई तकनीकों का उपयोग करके उन्नत क्षेत्रीय परिवहन समाधान विकसित करने की भारत की क्षमता को दर्शाता है। इस कॉरिडोर में अब तक चार करोड़ पचास लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। वहीं, हाल ही में इसने एक लाख 68 हजार से अधिक यात्रियों के साथ अब तक की सबसे अधिक दैनिक संख्या दर्ज की है।