सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय कल से नई दिल्ली में दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन ‘समावेशी नीति संकल्प’ आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना और केंद्र तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी लाना है। दो दिवसीय सम्मेलन में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को मजबूत करने से जुड़ी प्रमुख नीतियों, कार्यक्रमों, पहलों और रणनीतियों पर केंद्र तथा राज्य सरकारों के बीच सार्थक संवाद, साझा जिम्मेदारी और समन्वित कार्रवाई पर चर्चा होगी।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने बताया कि सम्मेलन की तैयारी के तहत मंत्रालय ने जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया है। इसका उद्देश्य नीतिगत चर्चाओं में जमीनी अनुभवों और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े सुझावों को शामिल करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे।