ग्रामीण विकास मंत्रालय बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर अपने राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान नई चेतना – पहल बदलाव शीर्षक से पांचवां संस्करण शुरू करेगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का उद्घाटन करेंगे। महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी। इस संस्करण की थीम है: ‘पहुँच से सशक्तिकरण तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना। यह अभियान आर्थिक सशक्तिकरण, आजीविका में भागीदारी और स्वतंत्र निर्णय लेने के लिए महिलाओं की पहुँच और गतिशीलता के महत्व पर प्रकाश डालता है। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत यह एक महीने का अभियान 23 दिसम्बर तक देश भर में चलाया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि इस कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को केंद्र में रखा जाएगा, जिसमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना, संपत्तियों पर उनकी पहुंच और नियंत्रण को मजबूत करना, सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना और अवैतनिक देखभाल कार्यों का पुनर्वितरण करना शामिल होगा। आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और आवश्यक सेवाओं तक महिलाओं की पहुंच को सीमित करने वाली बाधाओं को दूर करने और उनकी स्वतंत्र, सुरक्षित और आत्मनिर्भर आवागमन की क्षमता को बाधित करने वाले कारकों को दूर करने पर बल दिया जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जागरूकता पैदा करने से आगे बढ़कर समन्वित कार्रवाई करना और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, स्वायत्तता और निर्णय लेने की क्षमता में मापने योग्य सुधार लाना है।