भारतीय रिजर्व बैंक की डिप्टी गवर्नर पूनम गुप्ता ने कहा है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी सीपीआई की नई श्रृंखला से महंगाई के आंकड़े अधिक स्थिर होंगे। इससे मौद्रिक नीति से जुड़े फैसले लेने में आसानी होगी। मुंबई में सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही।
डिप्टी गवर्नर ने बताया कि नई सीपीआई श्रृंखला में खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का भार घटाकर 37 प्रतिशत से कम कर दिया गया है। पहले यह करीब 46 प्रतिशत था। इससे खाद्य पदार्थों की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का महंगाई पर असर कम होगा।
नई श्रृंखला में वर्ष 2023-24 के घरेलू उपभोग सर्वेक्षण को आधार बनाया गया है। इसमें पहली बार 12 ऑनलाइन बाजारों से भी कीमतों के आंकड़े शामिल किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों के किराये से जुड़े आंकड़ों का दायरा भी बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी की नई श्रृंखला से भी अधिक स्थिर आंकड़े मिलेंगे और उनमें बार-बार बदलाव की जरूरत कम होगी। इस श्रृंखला का आधार वर्ष 2022-23 रखा गया है।
इसके अलावा, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक यानी आईआईपी की नई श्रृंखला में मोटर वाहन, दवा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों को अधिक महत्व दिया गया है। सुश्री गुप्ता ने सांख्यिकी से जुड़े आंकड़ों में समय-समय पर बदलाव के लिए स्पष्ट और भरोसेमंद व्यवस्था बनाने पर भी बल दिया।