मई 30, 2026 8:19 अपराह्न | thunderstorms in several states.

printer

मौसम विभाग ने कई राज्यों में अत्‍यधिक वर्षा और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की

मौसम विभाग ने कल आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरल, माहे, लक्षद्वीप और देश के उत्तर पूर्वी हिस्सों में अत्‍यधिक वर्षा की आशंका व्‍यक्‍त की है। अगले दो दिनों में ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में ओलावृष्टि के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने की भविष्यवाणी की है। वहीं, कल दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। झारखंड, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, तेलंगाना और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के लिए भी अगले दो दिनों में इसी तरह के मौसम का अनुमाना व्‍यक्‍त किया गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मध्य भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

दिल्ली के लिए, विभाग ने कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। राजधानी में कल अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।