अगस्त 23, 2026 9:27 अपराह्न

printer

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में कल तक कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।

विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्र, झारखंड, केरल, माहे, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुदुच्‍चेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड, विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तर पूर्वी क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, कल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ तूफान का अनुमान है। इस बीच, राजधानी दिल्‍ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। विभाग ने कल अधिकांश स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।