बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में खसरे के संदिग्ध लक्षणों के कारण 11 और बच्चों की मौत हो गई है। इसके साथ ही, 15 मार्च से अब तक खसरे के पुष्ट और संदिग्ध लक्षणों से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर एक हजार 76 हो गई है। महानिदेशालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में खसरे के एक हजार एक सौ 57 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे 15 मार्च से अब तक संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर कुल एक लाख 83 हजार 449 हो गई है।
इसी अवधि के दौरान खसरे के पुष्ट मामलों की संख्या 113 से बढ़कर 20 हजार 851 हो गई है। 15 मार्च से अब तक खसरे की आशंका वाले कुल एक लाख 62 हजार 48 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि एक लाख 55 हजार 612 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि पिछले 24 घंटों में दर्ज की गई सभी 11 मौतें खसरे के संदिग्ध मामलों में हुई हैं, और इस दौरान खसरे के किसी पुष्ट मामले से मौत की खबर नहीं है। 15 मार्च से अब तक 975 बच्चों की मौत खसरे के संदिग्ध लक्षणों से हुई है, जबकि 101 मौतों की पुष्टि आधिकारिक तौर पर खसरे के कारण होने के रूप में की गई है।