इटली की संसद ने आज देश की चुनावी प्रणाली में व्यापक बदलाव को अंतिम मंजूरी दे दी। इससे प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक जीत मिली। इस प्रस्ताव को व्यापक रूप से इटली की राजनीतिक प्रणाली को मजबूत करने और प्रधानमंत्री मेलोनी के नेतृत्व वाले मध्य-दक्षिणपंथी गठबंधन की चुनावी संभावनाओं को बेहतर बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। पिछले महीने इस गठबंधन ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार होने का रिकॉर्ड बनाया था।
सदन ने गुप्त मतदान में 227 वोटों के मुकाबले 164 वोटों से इस विधेयक को मंजूरी दे दी। इससे महीनों की गरमागरम बहस के बाद इस कानून को अंतिम संसदीय मंजूरी मिल गई। इस सुधार में एक बड़ा बहुमत पुरस्कार शामिल है। इसके अंतर्गत चुनाव-पूर्व विजयी गठबंधन को संसद के दोनों सदनों में अतिरिक्त संसदीय सीटें दी जाएंगी, बशर्ते उसे कम से कम 42 प्रतिशत राष्ट्रीय वोट प्राप्त हों। नए कानून के अंतर्गत इटली की मौजूदा मिश्रित चुनावी प्रणाली को समाप्त कर दिया गया है।