मई 28, 2026 7:32 अपराह्न

printer

इजराइली प्रधानमंत्री के सलाहकार पर जर्मन अखबार को गुप्त जानकारी लीक करने के आरोप में आपराधिक मुकदमा चलेगा

प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के एक सलाहकार पर देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जर्मन अखबार को गुप्त जानकारी लीक करने के आरोप में आपराधिक मुकदमा चलाया जाएगा। यह जानकारी इस्राएल के अटॉर्नी जनरल ने दी है।
 
इससे इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनावों से पहले नेतन्याहू के लिए एक और विवाद खड़ा हो गया है। नेतन्याहू पर पहले से ही भ्रष्टाचार के तीन मामलों में मुकदमा चल रहा है।
 
अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने कहा कि वह 2024 में एक जर्मन टैब्लॉइड को गोपनीय दस्तावेज लीक करने के मामले में जोनाथन उरिच पर मुकदमा चलाने की योजना बना रहा है। आलोचकों का आरोप है कि यह लीक गाजा युद्ध के दौरान हमास के साथ असफल वार्ताओं के लिए नेतन्याहू को दोष से बचाने के उद्देश्य से किया गया था। उरिच पर गोपनीय जानकारी रखने और सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया जाएगा। नेतन्याहू के कार्यालय ने इस प्रस्तावित अभियोग पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।