ईराक सरकार ने मानवीय आधार पर ईरान के लिए उड़ानों को फिर शुरू करने के संबंध में अमरीका से बातचीत शुरू की है। ईराक ने अमरीका को कुछ इराकी हवाई अड्डों को प्रतिबंधों से छूट देने का प्रस्ताव दिया है। ईराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के मीडिया कार्यालय के बयान के अनुसार, छूट मिलने के बाद इस क्षेत्र में संचालित ईरानी एयरलाइंस चिकित्सा उपचार, शिक्षा, धार्मिक यात्राओं और अन्य नागरिक उद्देश्यों के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। बयान में कहा गया है कि इराक क्षेत्रीय तनाव को कम करने का प्रयास कर रहा है।
ईराक ने चेतावनी दी है कि लंबा संकट स्थिति को और अधिक जटिल बना सकता है। इसमें सभी पक्षों से बातचीत के जरिए विवादों को सुलझाने का आग्रह भी किया गया है। यह कदम अमरीकी प्रतिबंध लागू होने के बाद ईरान और कई इराकी हवाई अड्डों के बीच उड़ानों के स्थगित होने के बाद उठाया गया है। इस महीने की शुरुआत में, अमरीका ने ईरान के विमानन क्षेत्र पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की थी। इन उपायों के तहत उन अनुमतियों को निलंबित कर दिया गया, जो गैर-अमरीकी एयरलाइंस को ईरान तक अमरीकी मूल या अमरीकी-नियंत्रित वाणिज्यिक विमान संचालित करने की छूट देती थीं। इसके साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि प्रतिबंधित ईरानी एयरलाइंस की मदद करने वाली विदेशी कंपनियों को दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।